पाकिस्तान की नौसेना को मिली ‘गाजी’, चीन ने लॉन्च की चौथी हैंगोर श्रेणी की पनडुब्बी
पाकिस्तान नौसेना की हैंगोर श्रेणी की चौथी पनडुब्बी ‘गाजी’ को चीन के शुआंगलिउ बेस में लॉन्च किया गया। अंतर-सेवा जनसंपर्क (आईएसपीआर) ने बताया कि यह पनडुब्बी प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौते के तहत चीन द्वारा निर्मित की गई है। इस लॉन्च समारोह में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
सेना के अनुसार, इन पनडुब्बियों में उन्नत हथियार और सेंसर लगाए जाएंगे, जो दूर से लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम होंगे। हैंगोर श्रेणी की पनडुब्बियां डीजल-इलेक्ट्रिक हमला पनडुब्बी हैं, जिनमें वायु-स्वतंत्र प्रणोदन तकनीक (AIP) है। यह तकनीक इन पनडुब्बियों को लंबे समय तक सतह पर आए बिना संचालन करने की क्षमता देती है, जिससे इनकी मारक क्षमता और गुप्तता बढ़ जाती है।
‘गाजी’ के लॉन्च के साथ चीन में बन रही सभी चार पनडुब्बियां समुद्री परीक्षण के चरण में पहुंच चुकी हैं और इन्हें जल्द पाकिस्तान को सौंपा जाएगा। पाकिस्तान ने चीन के साथ कुल आठ हैंगोर श्रेणी की पनडुब्बियों की खरीद का समझौता किया है, जिनमें से चार चीन में और शेष चार पाकिस्तान के कराची शिपयार्ड में बनाई जाएंगी।
