0

सहारनपुर में दर्दनाक Road Accident, डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत

By Jan 1, 2026

सहारनपुर जिले के बेहट कोतवाली क्षेत्र में कलसिया-फतेहपुर मार्ग पर संसारपुर गांव के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे 25 वर्षीय सुमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके चचेरे भाई मोहित को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी सुमित अपने चचेरे भाई मोहित के साथ बेहट क्षेत्र में एक निजी चिकित्सक के पास दवाई लेने जा रहे थे। जैसे ही वे संसारपुर गांव में पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे डंपर ने मोड़ पर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुमित डंपर की ओर गिरा और डंपर उसे कुचलता हुआ निकल गया। मोहित दूसरी तरफ गिरा, जिससे उसकी जान बच गई लेकिन वह घायल हो गया।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मोहित को तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने सुमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डंपरों से होने वाले हादसों पर चिंता
सहारनपुर क्षेत्र में डंपरों से होने वाले हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर बजरी से भरे डंपर के कार पर पलट जाने से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, 15 दिसंबर को सरसावा थाना क्षेत्र में भी एक महिला की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डंपरों के तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर आक्रोश है।

इस संबंध में, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डंपरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डंपरों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उन्हें सीज भी किया जा रहा है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें