बलिया में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे इकलौते बेटे की मौत, पुआल लदी ट्रैक्टर से टकराई बाइक
बलिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब मोटरसाइकिल सवार तीन युवक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे और उनकी बाइक सड़क पर खड़ी पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, बेरुआरबारी क्षेत्र के पीरकपुर गांव निवासी 21 वर्षीय रितिक चौहान अपने दोस्त किसन चौहान और भांजे पीयूष चौहान के साथ शेखपुर स्थित अपनी बहन के घर विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वापस आते समय तपनी गांव के पास सड़क पर खड़ी पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रितिक चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार किसन चौहान और पीयूष चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर चोटों के कारण किसन को वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतक रितिक चौहान चार बहनों में इकलौता भाई था। इकलौते बेटे की मौत से पिता रामायण चौहान और माता सामदेई देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके करुण क्रंदन से वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।
