आईपीएल की दो बड़ी फ्रेंचाइजी बिकने को तैयार, हर्ष गोयनका के खुलासे से मचा हड़कंप
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन की नीलामी नजदीक आने के साथ ही फ्रेंचाइजी जगत में हलचल तेज हो गई है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका द्वारा किए गए एक खुलासे ने आईपीएल में दो बड़ी टीमों के बिकने की अटकलों को हवा दे दी है।
हर्ष गोयनका ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के साथ-साथ साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन की विजेता रही राजस्थान रॉयल्स (आरआर) भी बिकने के लिए तैयार है। उन्होंने लिखा, “मैंने सुना है, एक नहीं बल्कि दो आईपीएल टीमें बिकने को तैयार हैं- आरसीबी और आरआर। ये साफ पता चल रहा है कि लोग बड़ी वैल्यूएशन को कैश करना चाहते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि दो टीमों के बिकने के लिए चार-पांच संभावित खरीदार मौजूद हैं और सवाल उठाया कि ये खरीदार पुणे, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरू या अमेरिका से होंगे।
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स का मालिकाना हक रॉयल स्पोर्ट्स ग्रुप के पास है, जिसके पास फ्रेंचाइजी का 65 प्रतिशत हिस्सा है। इसके अलावा, लाचलन मर्डोक और रेडबर्ड कैपिटलस पार्टनर्स के पास भी इसका कुछ हिस्सा है।
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को खरीदने में यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड की पैरेंट कंपनी डिएगो के दिलचस्पी दिखाने की खबरें हैं। इसके अतिरिक्त, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला, जो स्पोर्ट्स बिजनेस में विस्तार की योजना बना रहे हैं, भी एक संभावित खरीदार माने जा रहे हैं। आरसीबी की बिक्री से जुड़ी औपचारिकताएं 31 मार्च 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।
आईपीएल फ्रेंचाइजी की बढ़ती वैल्यूएशन और व्यावसायिक अवसरों को देखते हुए, यह बिक्री कई बड़े कॉर्पोरेट घरानों और निवेशकों के लिए एक आकर्षक अवसर साबित हो सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन इन प्रतिष्ठित टीमों को खरीदता है और भविष्य में उनका प्रबंधन कैसे करता है।
