कानपुर देहात में Gas Shortage से हाहाकार, तेज धूप में लाइन लगाने को मजबूर हुए लोग
कानपुर देहात में पिछले दस दिनों से रसोई गैस का संकट बरकरार है, जिससे आम जनता और छोटे दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खाड़ी देशों में चल रहे संघर्ष की तपिश अब स्थानीय स्तर पर महसूस की जा रही है, जहां गैस की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। गैस हासिल करने के लिए लोग तेज धूप में एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।
छोटे दुकानदारों के लिए यह संकट और भी गंभीर है। गैस की किल्लत के चलते उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई लोगों को बिना गैस के ही लौटना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक आय पर सीधा असर पड़ रहा है। इस बीच, गैस की किल्लत के विकल्प के रूप में बाजारों में बिजली से संचालित उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ गई है।
गैस संकट के कारण ऑनलाइन बुकिंग में भी सर्वर की समस्या और ओटीपी के झंझट ने गरीबों की परेशानी बढ़ा दी है। तमाम लोग सिलेंडर लेने के लिए बार-बार चक्कर काट रहे हैं। कच्चे माल की आपूर्ति बाधित होने से उद्योगों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने लगा है।
