0

नरकटियागंज में RTPS काउंटर बंद होने से हाहाकार, दूरदराज से आए लोग परेशान

By Dec 31, 2025

नरकटियागंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित आरटीपीएस काउंटर पर बुधवार को कामकाज पूरी तरह ठप रहा। कर्मचारियों के अवकाश पर होने के कारण काउंटर की एक खिड़की बंद थी, जबकि दूसरी खिड़की पर कोई कर्मी मौजूद नहीं था। इस कारण दूरदराज के गांवों से आए आवेदकों को कड़ाके की ठंड में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बिना काम कराए ही मायूस होकर वापस लौट गए।

बढ़निहार की विभा देवी ने बताया कि उन्होंने 15 दिन पहले जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जिसे लेने वह आई थीं, लेकिन काउंटर बंद होने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। वहीं, जमुनिया की जोहरा खातून ने कहा कि वह एक सप्ताह से कागजात जुटा रही थीं, पर आज जब जमा करवाने का समय आया तो काउंटर ही बंद मिला। राजपुर तुमकड़िया के कौशरी खातून और नौशाद आलम भी राशन कार्ड में अपने बच्चों का नाम जुड़वाने के लिए काफी देर तक ठंड में परेशान रहे और अंततः लौट गए।

परेशान आवेदकों में से कुछ ने बीडीओ सूरज कुमार सिंह से मुलाकात की। धूमनगर के अबुल कलाम ने मृत्यु प्रमाण पत्र का आवेदन सीधे बीडीओ को सौंपा। इसके बाद जोहरा खातून समेत अन्य आवेदकों ने भी जन्म प्रमाण पत्र के अपने आवेदन बीडीओ के पास जमा कराए। बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि आरटीपीएस कर्मियों के अवकाश पर होने के कारण काउंटर बंद रहा। आवेदकों की समस्या को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण आवेदन सीधे लिए गए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें