किसानों की समस्याओं पर एकजुट हुए संगठन, 16 दिसंबर को पटियाली तहसील पर बड़ा प्रदर्शन
भारतीय हलधर किसान यूनियन की बैठक में आगामी 16 दिसंबर को पटियाली तहसील में आयोजित होने वाले धरना प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। यह बैठक गांव प्रहलादपुर में हुई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौहान ने की। इस बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुटता का परिचय दिया।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष अवनीश चौहान, किसान यूनियन किसान के जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन आजाद बृजेश यादव, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन भारत के सुनील यादव और जिला अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ओमवीर सिंह शामिल हुए। सभी संगठनों ने मिलकर किसानों की समस्याओं को लेकर 16 दिसंबर को पटियाली तहसील पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
जिलाध्यक्ष भारतीय किसान भानू अवनीश चौहान ने कहा कि किसान हित में आंदोलनात्मक कदम उठाना जरूरी है। किसान यूनियन किसान के दीपक ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं और किसानों से 16 दिसंबर को प्रदर्शन में शामिल होकर उसे सफल बनाने का आह्वान किया।
