0

बिहार में पुलिस की सख्ती से आर्केस्ट्रा कारोबार पर संकट, नर्तकियों की कमी से बुकिंग हुई महंगी

By Dec 10, 2025

सारण जिले में पुलिस की निरंतर छापेमारी के कारण आर्केस्ट्रा कारोबार पर गहरा असर पड़ा है। जिस क्षेत्र में पहले रातभर नाच-गाने का शोर रहता था, वहां अब सन्नाटा पसरा है। पुलिस की सख्ती से सैकड़ों नर्तकियों ने काम छोड़ दिया है और अपने घरों को लौट गई हैं।

नर्तकियों की अचानक कमी से आर्केस्ट्रा संचालकों के सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। बुकिंग रद्द करनी पड़ रही हैं। जो नर्तकियां अभी भी काम कर रही हैं, उन्होंने अपना मेहनताना दो से तीन गुना तक बढ़ा दिया है। पहले जहां एक नर्तकी को एक कार्यक्रम के लिए एक से दो हजार रुपये मिलते थे, वहीं अब यह दर पांच हजार या उससे अधिक तक पहुंच गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम समाज के हित में है और प्रशासन की यह कार्रवाई महिलाओं की गरिमा और सामाजिक मर्यादा की सुरक्षा के लिए जरूरी थी। अधिकांश लोग चाहते हैं कि इसी प्रकार की सख्ती आगे भी कायम रहे। हालांकि, इस कड़ी कार्रवाई का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। यह व्यवसाय प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से करीब 15 से 20 हजार लोगों की आजीविका का साधन था, जो अब बेरोजगार होने की कगार पर हैं।

पुलिस ने पिछले एक वर्ष में आर्केस्ट्रा से जुड़ी 279 लड़कियों को मुक्त कराया है। इस धंधे में शामिल 93 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा कई मामलों में पाक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराएं भी लगाई गईं। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसा अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक कायम रह सके और कानून का भय बना रहे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें