0

ऑपरेशन पहचान: अब एक क्लिक में खुलेगा बदमाशों का पूरा चिट्ठा, 25 हजार से अधिक अपराधियों की डिजिटल कुंडली तैयार

By Dec 15, 2025

सहारनपुर रेंज के तीनों जनपदों में बदमाशों पर नजर रखने की व्यवस्था अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है। ‘ऑपरेशन पहचान’ ऐप के माध्यम से 25,586 अपराधियों का विस्तृत रिकॉर्ड एक साझा प्लेटफार्म पर दर्ज किया गया है। मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जनपद के इन अपराधियों की डिजिटल कुंडली तैयार की गई है।

पुलिस के पास अब सत्यापन से लेकर आपराधिक इतिहास तक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध है। एक क्लिक करते ही अपराधी का पूरा इतिहास पुलिस के सामने होगा। ‘ऑपरेशन पहचान’ के तहत अब तक 21,192 अपराधियों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है, जबकि 4,394 अपराधियों का सत्यापन अभी प्रक्रियाधीन है।

इस ऐप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें अपराधी की पूरी कुंडली डिजिटल रूप में उपलब्ध है। किसी भी अपराधी के खिलाफ दर्ज मुकदमों के साथ उसके रिश्तेदारों, जमानतदारों और शरणदाताओं तक की जानकारी एक क्लिक में सामने आ जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायाण प्रजापत ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और जवाबदेह बनाया गया है। सत्यापन करने वाले उप निरीक्षक या पुलिस कर्मी को मौके से अपनी फोटो अपलोड करनी अनिवार्य है, जिससे फर्जी या लापरवाह सत्यापन की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें