0

पटना के बिल्डर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला रांची से गिरफ्तार, ऐसे दबोचा गया आरोपी

By Dec 11, 2025

पटना में रियल एस्टेट कंपनी के बिल्डर से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने रांची में छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। रूपसपुर थाने की पुलिस ने रांची में छापेमारी कर खेलगांव खेल परिसर से आरोपी को दबोचा। उसकी पहचान शुभम राजन के रूप में हुई, जो मूल रूप से कटिहार के मनिहारी का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, बीते छह दिसंबर की रात रुपसपुर निवासी रियल एस्टेट कंपनी के अनुपम कुमार के मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम लाली सिंह बताया और रूपसपुर नहर पर खरीदी जाने वाली जमीन के बदले पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। रंगदारी की रकम नहीं देने पर बिल्डर को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। तकनीकी अनुसंधान में उस नंबर का लोकेशन बिहार के बाहर का मिला। एसएसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद पुलिस झारखंड के रांची स्थित खेलगांव थाना क्षेत्र में पहुंची और वहां से शुभम राजन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है जिसका इस्तेमाल रंगदारी मांगने के लिए किया गया था। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने इस मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें