डेढ़ साल के इकलौते बेटे की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, 22 साल बाद मिली थी संतान, गांव में पसरा मातम
निसिंग के ब्रास खुर्द गांव में एक हृदय विदारक घटना हुई है। घर के बाहर खेल रहा एक डेढ़ साल का इकलौता बच्चा, जो माता-पिता को 22 साल के लंबे इंतजार के बाद मिला था, ट्रैक्टर के नीचे आ गया। ट्रैक्टर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था। इस दर्दनाक हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर निर्माण सामग्री, रेत और सीमेंट लेकर गली में जा रहा था। निसिंग से ब्रास गांव पहुंचे ट्रैक्टर के चालक और वाहन दोनों उसी गांव के थे। बच्चे को गंभीर हालत में सीएचसी निसिंग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरा गांव सदमे में है और मातम पसरा हुआ है। महिलाओं के रोने-बिलखने की आवाजें हर किसी को झकझोर रही हैं।
बच्चे के पिता, गजे सिंह, एक गरीब दिहाड़ी मजदूर हैं। 23 साल पहले शादी के बाद संतान न होने से वे काफी परेशान थे। उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज पर अपनी सारी कमाई खर्च कर दी और अपना प्लॉट भी बेच दिया था। 22 साल बाद उनके घर में खुशियों ने दस्तक दी थी, लेकिन इस अनमोल बेटे को एक क्रूर हादसे ने छीन लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
