शाहजहांपुर में बंदर के हमले से डेढ़ साल के बच्चे की मौत, बिस्किट छीनने के दौरान हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में बंदरों के उत्पात से एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की जान चली गई। यह घटना तब हुई जब महिला बच्चे को गोद में लेकर छत पर बिस्किट खिला रही थी। अचानक एक बंदर ने बिस्किट का पैकेट छीनने के लिए झपट्टा मारा, जिससे महिला घबराकर सीढ़ियों से नीचे गिर गई।
शाहजहांपुर के खाईखेड़ा गांव में हुई इस घटना में, डेढ़ वर्षीय अंश को उसकी मौसी अंशिका छत पर बिस्किट खिला रही थीं। बंदर के झपटने से अंशिका हड़बड़ी में सीढ़ियों की ओर भागीं, लेकिन उनका पैर फिसल गया और वह अंश समेत नीचे जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंशिका घायल हैं।
स्थानीय प्रशासन ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस विशिष्ट मामले की जानकारी नहीं थी। तहसीलदार अनुराग दुबे ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन इस घटना के बाद गांव में टीम भेजकर समस्या की जानकारी ली जाएगी और बंदरों को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
