Ola ने रोकी कंज्यूमर फूड्स सर्विस, ऐप से हटाया ऑप्शन
देश की जानी-मानी कैब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी Ola ने अपने कंज्यूमर फूड्स ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इस मामले से जुड़े सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। हाल के दिनों में, Ola के राइड-हेलिंग ऐप से फूड सर्विस का ऑप्शन गायब हो गया है, जिससे यूजर्स हैरान हैं।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब Ola का क्लाउड-किचन बिजनेस, जो ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से भी संचालित होता था, अब किसी भी ऑर्डर को स्वीकार नहीं कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, ‘Ola कंज्यूमर फूड्स ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। दरअसल, कंपनी अपनी योजनाओं का पुनर्मूल्यांकन कर रही है और बिजनेस प्लान पर काम कर रही है।’
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि Ola अपनी फूड सर्विस को फिर से शुरू करने की योजना बना रही है या इस बिजनेस से पूरी तरह बाहर निकलने का मन बना चुकी है। कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, और Ola कंज्यूमर की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इस फैसले के पीछे के कारणों और इसके भविष्य के प्रभाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
