नए साल से पहले नोएडा पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन, 8 थानों के SHO समेत SOG प्रभारी बदले
नोएडा में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बड़ा फेरबदल किया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से आठ थाना प्रभारियों और एसओजी प्रभारी को बदल दिया है। नए साल से पहले हुए इस तबादले को लेकर महकमे में चर्चाएं तेज हैं। कई थानों में लंबे समय से जमे प्रभारियों के बदलने पर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह बदलाव हाल ही में हुई कुछ घटनाओं और लापरवाही से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक आवश्यकता और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद बताया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने दादरी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार को सेक्टर 20 थाना, सेक्टर 20 प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ला को सेक्टर 39 थाना, आइटी सेल सेंट्रल नोएडा में तैनात निरीक्षक अमित तोमर को सेक्टर 58 थाना, और सेक्टर 63 थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप को फेज दो थाना कार्यवाहक की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा, सेक्टर 58 थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार को सेक्टर 63 थाना और सेक्टर 39 थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह को दादरी थाना प्रभारी बनाया गया है।
वेलफेयर शाखा प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला को रबूपुरा थाना प्रभारी बनाया गया है। फेज दो प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी को एएचटीयू और एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा को एसओजी प्रभार सौंपा गया है।
