0

नोएडा एयरपोर्ट: ‘नौकरी या 5 लाख’ का वादा भूला प्रशासन? जमीन गंवाने वाले युवा भड़के, दी बड़ी चेतावनी

By Dec 12, 2025

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के भूमि अधिग्रहण से प्रभावित युवाओं को नौकरी न मिलने पर उनमें आक्रोश है। युवाओं ने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को नौकरी दी जा रही है, जबकि वे सात वर्षों से नौकरी की आस लगाए बैठे हैं। उन्होंने शनिवार को उपजिलाधिकारी से मिलकर समस्या का समाधान करने और समाधान न होने पर तहसील में धरना देने की चेतावनी दी है।

युवाओं ने बताया कि एयरपोर्ट के लिए प्रथम चरण के भूमि अधिग्रहण व विस्थापन के दौरान प्रशासन द्वारा उन्हें रोजगार का विकल्प चुनने या उसके बदले एकमुश्त पांच लाख रुपए लेने का विकल्प दिया गया था। ज्यादातर प्रभावितों ने एकमुश्त राशि का विकल्प चुना था, लेकिन 355 प्रभावित युवाओं द्वारा रोजगार का विकल्प चुना गया। रोजगार का विकल्प चुनने वाले युवा तभी से एयरपोर्ट में स्थाई नौकरी का सपना पाले हुए हैं।

एयरपोर्ट का निर्माण लगभग पूरा होने पर युवाओं द्वारा गत चार माह से नौकरी देने की मांग की जा रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन उन्हें बरगलाने का काम कर रहा है। थर्ड पार्टी के माध्यम से अस्थाई रोजगार चुनने का विकल्प दिया जा रहा है। यह उनके साथ सरासर धोखा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें