0

फंड के बावजूद काम नहीं, दो पंचायत सचिवों पर डीएम की बड़ी कार्रवाई

By Dec 8, 2025

मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस समीक्षा के दौरान, 15वें वित्त आयोग की राशि का कम खर्च करने वाले मधवापुर प्रखंड के बासुकी बिहारी उत्तरी पंचायत के पंचायत सचिव अमेरिका महतो एवं मधवापुर के पंचायत सचिव दीप नारायण पासवान के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा के क्रम में, सभी बीपीआरओ को फेज वन एवं टू के तहत सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट के अधिष्ठापन की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी पंचायत सचिव एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर, एजेंसी द्वारा अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाइट में सिग्नल लॉस के कारण अकार्यरत और खराब सोलर स्ट्रीट लाइट की संख्या की पहचान करें। उन्होंने शुक्रवार 28 नवंबर तक पंचायतवार प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि संबंधित एजेंसी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।

पंचायत सरकार भवन के निर्माण की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जिले में 13 पंचायतों में अभी तक सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है। सभी संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मानक के अनुरूप भूमि चिन्हित करें। जिन पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां मुखिया के सहयोग से दान में भूमि प्राप्त करने का हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया। इसके बावजूद भूमि प्राप्त नहीं होने की स्थिति में, अंचल अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा गया, जिसमें यह बताया जाएगा कि किन पंचायतों में सरकारी या निजी भूमि उपलब्ध नहीं है।

इसके अतिरिक्त, 52 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु प्राप्त आवंटन के आलोक में, पत्र प्राप्ति के सात दिनों के भीतर सीमांकन प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया, ताकि पंचायत को राशि इस निमित्त संधारित बैंक खाता में अंतरित की जा सके। सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित कराना होगा कि स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मधुबनी व झंझारपुर एवं भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, मधुबनी द्वारा निर्माण कराए जाने वाले स्थलों पर कोई बाधा उत्पन्न न हो। यदि कोई बाधा उत्पन्न होती है, तो अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अनुमंडल पदाधिकारी के संज्ञान में मामले को लाते हुए उसका समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें