कानपुर में महिला सिपाही के सरकारी क्वार्टर से लाखों की चोरी, पुलिस महकमे में हड़कंप | kanpur news
कानपुर कमिश्नरेट के दावों को धत्ता बताते हुए शातिर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। फजलगंज थाने के आवासीय परिसर में तैनात महिला सिपाही के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया, जिससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इस घटना से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि थाना परिसर के अंदर ही सुरक्षित माने जाने वाले आवास सुरक्षित नहीं हैं।
मूलरूप से बांदा की रहने वाली सपना द्विवेदी फजलगंज थाने में तैनात हैं और स्पोर्ट्स कोटे से हेड कांस्टेबल के पद पर प्रमोट हुई हैं। वह वर्तमान में थाना परिसर के सरकारी आवास में रहती थीं। घटना के वक्त वह एक वॉलीबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए नोएडा गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने छत के रास्ते उनके कमरे में प्रवेश किया और घर में रखी चाबी से अलमारी खोलकर सोने के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने सोने के गहने तो चुरा लिए, लेकिन पास ही रखे चांदी के जेवरात और आर्टिफिशियल ज्वैलरी को हाथ तक नहीं लगाया।
पड़ोसियों ने जब घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना महिला सिपाही को दी। इसके बाद डॉयल 112 पर कॉल करके पुलिस को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, क्योंकि केवल सोने के गहनों का गायब होना और चांदी का सुरक्षित बचना कई सवाल खड़े करता है। थाना प्रभारी और उच्च अधिकारी इस मामले की बारीकी से छानबीन कर रहे हैं ताकि जल्द ही चोरों को बेनकाब किया जा सके।
