कानपुर नगर निगम में ऑपरेशन क्लीन: 11 स्विच मैन निलंबित, लापरवाही पर कार्रवाई
कानपुर नगर निगम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ की शुरुआत की है। पथ प्रकाश विभाग के 11 स्विच मैन को निलंबित कर दिया गया है। इन पर आरोप है कि स्ट्रीट लाइट खराब या बंद होने के बाद भी उन्होंने मोबाइल पर शिकायतों के निस्तारण का झूठा स्टेटस अपडेट कर दिया। इस कार्रवाई से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
निलंबित होने वाले कर्मचारियों में जोन एक से मो. आसिफ, जोन दो से शिवनंदन, जोन तीन से अशोक कुमार, जोन चार से कलाम, शफी मोहम्मद व टीनू कश्यप, जोन छह से घनश्याम कुमार, रोहिताश दीक्षित, अनिल कुमार और रमेश चंद्र शामिल हैं। इन पर लापरवाही, झूठा निस्तारण दर्शाने और अनुशासनहीनता के आरोप हैं। संबंधित जोन के पार्षदों द्वारा भी स्ट्रीट लाइटों की खराबी को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया है।
जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, यह स्पष्ट करते हुए नगर आयुक्त ने कुछ अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। जोन दो के अवर अभियंता दिनेश प्रसाद को जोन छह में भेजा गया है। नगर आयुक्त के स्टेनो संजय प्रसाद कटियार को भी जोन छह स्थानांतरित किया गया है। रबिश प्रभारी रफजुल रहमान को जोन दो भेजा गया है। अवर अभियंता दिनेश प्रसाद पर कुछ माफिया ठेकेदारों से संबंध होने के आरोप भी लगे थे, जिसकी शिकायतें नगर आयुक्त तक पहुंची थीं।
