Lucknow hospital negligence: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल में दो महीने पहले बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने वाली 35 वर्षीय महिला की मंगलवार को दोबारा तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पति लवकुश ने बताया कि 30 जून को उनकी पत्नी सुनीता का ऑपरेशन इसी निजी अस्पताल में हुआ था। ऑपरेशन के बाद भी सुनीता के पेट में लगातार दर्द बना रहता था। कई बार अस्पताल दिखाने पर भी राहत नहीं मिली और उन्हें सिर्फ आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता था। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उन्हें उसी अस्पताल ले गए। शाम को अस्पताल ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया।
दूसरे निजी अस्पताल ले जाने पर भी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना से स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
