रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर आगरा बाजारों में रात 11 बजे तक खुलेगीं दुकानें, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
आगरा में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को लेकर बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिलेगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने व्यापारियों की मांग पर बाजारों को रात 11 बजे तक खुला रखने की सहमति दे दी है। इस फैसले से त्योहारों के दौरान खरीदारी करने वालों को सुविधा होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला वाणिज्य बंधु की बैठक में इस संबंध में चर्चा हुई। व्यापारियों ने आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के दरेसी नंबर एक और दो के गेट जनता के लिए खोले जाने की मांग भी उठाई। जिलाधिकारी ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुकानदार और ग्राहक दोनों सुरक्षित महसूस कर सकें।
बैठक में अतिक्रमण हटाने और पार्किंग की समस्या को सुलझाने पर भी जोर दिया गया। नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही, संजय प्लेस पार्किंग के प्रबंधन के लिए दुकानदारों को अपनी व्यवस्था स्वयं करने को कहा गया। शहर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए, जिसमें डिवाइडर निर्माण, होर्डिंग हटाना और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण शामिल है।
