आगरा में सड़क धंसी, बाइक समाई: ‘पाताल’ का रास्ता खुला, जांच की मांग
आगरा के धूलियागंज फुव्वारा क्षेत्र में बुधवार तड़के सड़क धंसने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब तीन बजे अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे बैठ गया, जिससे एक गहरा गड्ढा बन गया। इस गड्ढे में एक बाइक और टोरेंट विभाग का एक बॉक्स समा गया।
सड़क धंसने के कारण बने गड्ढे में एक बाइक और टोरेंट का बॉक्स समा गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर या वाहन चालक वहां मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
क्षेत्रीय पार्षद आरती शर्मा ने घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। सड़क के नीचे बनी गहरी और खोखली जगह देखकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए। पार्षद ने तत्काल नगर आयुक्त, टोरेंट और पुलिस को घटना की जानकारी दी और संबंधित टीमों को मौके पर भेजने की मांग की।
सड़क धंसने के बाद नीचे काफी गहराई तक खाली जगह दिखाई देने लगी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि जमीन के नीचे कोई बड़ी खोखली जगह बन गई थी। पानी के रिसाव, पाइपलाइन में लीकेज या मिट्टी के कटाव जैसे कारणों की तकनीकी जांच की आवश्यकता है।
इस घटना के बाद लोगों ने भूमिगत पाइपलाइन की निगरानी और सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्षद आरती शर्मा ने मांग की है कि सुरक्षा के लिहाज से तत्काल पानी की सप्लाई बंद कराई जाए और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर सड़क के नीचे की स्थिति की जांच करें। उन्होंने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराकर रास्ते को सुरक्षित करने की भी अपील की है।
