0

5 लाख में बेचा गया नवजात, पुलिस ने ऐसे किया रेस्क्यू; मां की मानसिक स्थिति कमजोर

By Dec 13, 2025

झारखंड के गढ़वा जिले में एक नवजात शिशु को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डंडा थाना क्षेत्र के एक दंपती ने अपने सात दिन के नवजात शिशु को 5 लाख रुपये में बेच दिया। यह घटना तब प्रकाश में आई जब ग्रामीणों ने इसकी सूचना डंडा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पलामू जिले के मेदिनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेड़मा से नवजात को रेस्क्यू कर लिया।

पुलिस ने नवजात को खरीदने वाली एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गढ़वा के छपरदगा गांव के इस परिवार ने नवजात के जन्म के दूसरे दिन ही उसे बेच दिया था। नवजात को खरीदने वाले दंपती ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 5 लाख रुपये में बच्चे को खरीदा था।

पुलिस ने बताया कि नवजात की मां की मानसिक स्थिति कमजोर होने की बात सामने आई है। नवजात को रेस्क्यू करने के बाद डंडा थाना पुलिस ने उसे सीडब्ल्यूसी गढ़वा के समक्ष प्रस्तुत किया। सीडब्ल्यूसी ने शिशु और उसकी बीमार मां दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों से पूछताछ चल रही है और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें