मूसानगर में नगर पंचायत की लापरवाही, दिन में जलती स्ट्रीट लाइटें, रात में अंधेरा (Musanagar news)
मूसानगर कस्बे में नगर पंचायत की लापरवाही के कारण बिजली की भारी बर्बादी हो रही है। एक तरफ जहां सरकार ऊर्जा संरक्षण के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन की उदासीनता से स्ट्रीट लाइटें दिन के समय भी जलती रहती हैं। इससे सरकारी खजाने को नुकसान हो रहा है और बिजली का अपव्यय हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कस्बे के गजनेर रोड और घाटमपुर रोड पर यह समस्या गंभीर है। गजनेर रोड पर कई लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण रात में सड़क पर घना अंधेरा रहता है। वहीं, घाटमपुर रोड पर लगी कई लाइटें दिन भर जलती रहती हैं, लेकिन रात होते ही बंद हो जाती हैं।
लोगों ने बताया कि इस संबंध में नगर पंचायत के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है। स्थानीय निवासी अंशुमान, लल्ला पाल और गोविंद कुमार ने बताया कि रात के समय अंधेरा होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, जबकि दिन में लाइटें जलने से बिजली बर्बाद होती है। प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे लोगों में रोष है।
