कर्तव्य पथ रिहर्सल में लापरवाही: बाइक स्टंट के स्टंट के दौरान गिरे जवान, Delhi Police ने दर्ज की FIR
गणतंत्र दिवस की तैयारियों के तहत कर्तव्य पथ पर चल रही रिहर्सल के दौरान एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। अर्धसैनिक बल के जवान जब बाइक पर करतब दिखा रहे थे, तभी कुछ लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। इन लोगों के कारण जवानों की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने संज्ञान लिया है।
पुलिस के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान कुछ लोग जवानों के बेहद करीब आकर फोटोग्राफी और वीडियो बना रहे थे। इस दौरान वे सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे, जिससे जवानों का ध्यान भटका और वे आपस में टकराकर गिर गए।
पुलिस ने दर्ज की FIR, लोगों से की अपील
दिल्ली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तिलक मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की है। नई दिल्ली जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश महला ने बताया कि रिहर्सल में बाधा डालने और जवानों की जान को खतरे में डालने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रिहर्सल या मुख्य कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें। पुलिस ने कहा कि दर्शकों को सुरक्षा के नजरिए से देखना चाहिए और ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे जवानों की जान को खतरा हो। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर रही है।
