नोएडा में कंप्रेसर टंकी फटी, 20 मीटर दूर सो रहे व्यक्ति की मौत
नोएडा के ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कंप्रेसर की टंकी फटने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब 52 वर्षीय धर्मपाल उर्फ़ धन्नू सिंह अपने घर के आंगन में चारपाई पर आराम कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, शाम करीब चार बजे, गांव में गाड़ियों में हवा भरने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कंप्रेसर की टंकी अचानक एक जोरदार धमाके के साथ फट गई। इस धमाके का मलबा करीब 20 मीटर दूर तक जा गिरा और लोहे का एक नुकीला टुकड़ा सीधे धर्मपाल के सिर पर जा लगा। इस गंभीर चोट के कारण वह बुरी तरह घायल हो गए।
तत्काल, परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर घायल धर्मपाल को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के चलते उन्हें बचाया जा सका और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से जहां परिवार में खुशियों का माहौल था, वह अचानक मातम में बदल गया। मृतक की भतीजी की शादी हाल ही में संपन्न हुई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि धमाका इतना भीषण था कि आसपास के घरों में भी इसकी आवाज सुनाई दी और लोग तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त धर्मपाल का पोता भी उनके पास ही खेल रहा था, जो बाल-बाल बच गया।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए कंप्रेसर की पुरानी टंकी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यह टंकी काफी समय से गांव में इस्तेमाल हो रही थी और संभवतः इसकी नियमित जांच नहीं की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि ओवरप्रेशर या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। गांव में इस तरह की कई कंप्रेसर मशीनें बिना किसी उचित जांच के इस्तेमाल की जा रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी सभी मशीनों की तत्काल जांच की जाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मृतक के हृदय रोग से पीड़ित होने की बात सामने आई है और उनकी मौत संभवतः हृदयघात के कारण हुई है। हालांकि, कंप्रेसर फटने की घटना की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी लापरवाही की स्थिति में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
नोएडा में खड़ी कार में लगी भीषण आग, टंकी से रिसाव बना वजह
नोएडा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: 1.46 अरब की ड्रग्स जब्त
नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेंगे दो नए फायर स्टेशन, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेंगे दो नए फायर स्टेशन, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
नोएडा में वोटर वेरिफिकेशन की रफ्तार धीमी, उर्दू नामों से बीएलओ परेशान
योगी का वार: ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ तक, पिछली सरकारों पर तीखा हमला
