0

उन्नाव में युवक की निर्मम हत्या, घर में पी शराब, फिर की वारदात

By Dec 3, 2025

उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। गांव निवासी 40 वर्षीय मानव कुमार की उसके घर के अंदर ही निर्मम हत्या कर दी गई। पड़ोसियों ने जब सुबह घटना की जानकारी पाई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो शव के पास शराब की खाली बोतलें, खाने का सामान और खाली गिलास पड़े मिले।

पुलिस के अनुसार, मानव कुमार की पत्नी दो दिन पहले बच्चों के साथ किसी रिश्तेदार के घर कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, जिस कारण वह घर पर अकेला था। दो दिनों से उसके घर से बाहर न निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो मानव कुमार का खून से लथपथ शव देखकर वे सन्न रह गए।

घटनास्थल पर खून से सना साबड़ भी बरामद हुआ है, जिससे संभवतः हत्या को अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच और मौके पर मिले सामानों के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि कोई परिचित व्यक्ति मानव कुमार के घर आया होगा। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के चलते नशे की हालत में हत्यारे ने मानव कुमार के सिर पर साबड़ से वार कर उसकी जान ले ली।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का राजफाश कर दिया जाएगा और हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें