नीतीश सरकार को पप्पू यादव की खुली चुनौती, कहा – बुलडोजर हमारी लाश से गुजरेगा
बिहार के रहुई प्रखंड के शिवनंदन नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित महादलित परिवारों से मिलने पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मंगलवार को पीड़ितों की दुर्दशा देखकर भड़क उठे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर गरीबों को परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया और प्रशासन को खुली चेतावनी दी।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि अगर 5 तारीख को गरीबों के घर तोड़े गए, तो बुलडोजर उनकी लाश से होकर गुजरेगा। उन्होंने तत्काल राहत के तौर पर आठ पीड़ित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि शिवनंदन नगर के ये परिवार चार से पांच पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं। इसी जमीन पर सरकार ने इंदिरा आवास, सड़क और बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं दी हैं, और लोग वर्षों से बिजली बिल भी भर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि यदि जमीन अवैध थी, तो सरकार ने यहां पैसे क्यों लगाए? उस सरकारी फंड की बर्बादी की जिम्मेदारी कौन लेगा?
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि जो लोग कोर्ट गए हैं, वे खुद गैर-मजरूआ जमीन पर कब्जा किए बैठे हैं, लेकिन प्रशासन का बुलडोजर केवल गरीबों, दलितों और अति पिछड़ों के घरों पर चल रहा है। उन्होंने पुनर्वास की व्यवस्था को भी मजाक बताया, जहां पीड़ितों को केवल दो-तीन डिसमिल जमीन दी जा रही है, वह भी दूसरी पंचायत में नदी किनारे। उन्होंने कहा कि बगल में ही 50-100 एकड़ गैर-मजरूआ जमीन खाली पड़ी है, उसी पंचायत में हर परिवार को पांच डिसमिल जमीन और घर बनाने का पैसा देकर उचित पुनर्वास किया जाना चाहिए।
सांसद ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं, जिनमें चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं, पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर वोट लेना बंद करें और जब गरीबों का आशियाना छीना जा रहा है, तब वे चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उन्हें विशेष रूप से यहां भेजा है और वे इस पूरे मामले को संसद में उठाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना उचित पुनर्वास के अगर किसी का घर तोड़ा गया, तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेरिस बनाने के नाम पर गरीबों को उजाड़ा जा रहा है, जबकि बिना अर्थव्यवस्था मजबूत किए शहर नहीं बसते।
बीपीएससी योग्यता विवाद: पटना हाई कोर्ट ने गठित की विशेषज्ञ समिति
भ्रष्टाचार पर विजय सिन्हा का कड़ा प्रहार, राजस्व विभाग को बनाएंगे पाक-साफ
आयुष्मान योजना: इलाज से इनकार पर निजी अस्पताल होंगे ब्लैकलिस्ट, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
बिहार में बढ़ेगी ठंड: अगले 48 घंटे में गिरेगा तापमान, कोहरे का असर
संसद सत्र का औचित्य संकट में: हंगामे के बीच विधेयकों पर चर्चा की कमी
पटना के गुलजारबाग स्कूल में नशेड़ियों का आतंक, शिक्षक-छात्र खौफ में
