निमंत्रण जा रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
चित्रकूट में झांसी-मीरजापुर हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान पर बन आई। अहिरी मोड़ के पास निमंत्रण के लिए जा रहे दो युवकों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में 27 वर्षीय राममिलन पुत्र नारायण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 24 वर्षीय रैना पुत्र सुखलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊ के तिलिहा मजरा भिटारी निवासी राममिलन और रैना बुधवार रात करीब 10 बजे मऊ कस्बे में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे अहिरी मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए और वाहन ने उन्हें रौंद दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद राममिलन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रैना की हालत नाजुक होने के कारण उसे तत्काल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, घायल रैना का फिलहाल शंकरगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक राममिलन परिवार का पालन-पोषण मजदूरी करके करता था और अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अपराध निरीक्षक अंजनी सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द से जल्द दोषी वाहन चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
