नगर निगम के कुश्ती महाकुंभ में छाया पारंपरिक खेल का खुमार, पहलवानों ने दिखाया दम
शहर के केआर इंटर कॉलेज के मैदान पर शुक्रवार को नगर निगम द्वारा आयोजित विशाल कुश्ती महाकुंभ ने पारंपरिक खेल मल्लविद्या को एक नई ऊंचाइयां दीं। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ यह दंगल शाम तक दर्शकों की तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। इस अनूठे आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने पहुंचकर गौरवशाली भारतीय कुश्ती परंपरा की झलक का भरपूर आनंद लिया।
इस महाकुंभ में देश के विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ ईरान के भी ख्यातिलब्ध पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुल 300 से अधिक कुश्तियों का आयोजन किया गया, जिसमें 100 रुपये की छोटी कुश्ती से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहलवानों ने अपने दमखम, दांव-पेंच और तकनीकी कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी को इनसे जोड़ने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
दंगल का संचालन पार्षद और उप्र बृज केसरी हनुमान पहलवान के कुशल दिशा-निर्देशन में हुआ। आयोजन का मुख्य आकर्षण रहे पहलवान शेरा गुर्जर, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी इस शानदार जीत पर महापौर और नगर आयुक्त ने उन्हें एक मोटरसाइकिल भेंट कर सम्मानित किया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में नगर निगम के पार्षदों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों की संख्या में आम नागरिकों ने शिरकत की। उपस्थित लोगों ने दमदार और तकनीकी रूप से उत्कृष्ट मुकाबलों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने नगर निगम के इस प्रयास को न केवल ऐतिहासिक बताया, बल्कि इसे खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने और खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने वाला एक सराहनीय कदम भी करार दिया।
