एकादशी पर मासूमों की हत्याएं: हरियाणा की साइको किलर पूनम का तांत्रिक कनेक्शन, जांच में कई रहस्य उजागर
पानीपत में मासूमों की हत्याओं के खुलासे ने पूरे क्षेत्र को दहला को दहला दिया है। आरोपी पूनम के बारे में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। वर्ष 2023 में दो मासूमों की हत्या के बाद पूनम के व्यवहार में अचानक बड़ा बदलाव देखा गया। स्वजन के अनुसार, वह पड़ोस के मृत युवक की आत्मा अपने शरीर में होने का दावा करती थी। इसी मानसिक विचलन के चलते उसका इलाज कैराना के एक तांत्रिक के पास चलता रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि पूनम ने दो मासूमों की हत्याएं 19 अगस्त और 1 दिसंबर को एकादशी के दिन की थीं। तांत्रिक क्रियाओं में एकादशी तिथि का विशेष महत्व बताया जाता है। माना जाता है कि इस दिन साधना और यंत्र-सिद्धि को कई गुना प्रभावशाली बनाया जा सकता है। पूनम का एकादशी से जुड़ना और तांत्रिक के संपर्क में रहना यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि उसकी हैवानियत के पीछे कहीं अंधविश्वास, मानसिक विकृति और तांत्रिक प्रभाव का घातक मिश्रण तो नहीं था। पुलिस अब सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
