जुमा अलविदा नमाज के लिए नगर निगम की तैयारी, मस्जिदों के पास होगी विशेष सफाई | Juma Alvida News
जुमा अलविदा की नमाज के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। नमाज के दौरान शहर की मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि जुमा अलविदा के अवसर पर मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आसपास की सड़कों और गलियों की सफाई कराई जाएगी और फॉगिंग भी कराई जाएगी, ताकि मच्छरों से होने वाली बीमारियों की आशंका कम हो सके।
उन्होंने बताया कि नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने को देखते हुए मस्जिदों के आसपास चूने का छिड़काव भी कराया जाएगा, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम की टीमें शुक्रवार सुबह नमाज से पहले ही संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग और चूने के छिड़काव का कार्य पूरा कर लेंगी, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
