0

MP का ‘लोकपथ एप-2’ लॉन्च: गूगल मैप्स को टक्कर देगा, ब्लैक स्पॉट पर ऑडियो अलर्ट से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी

By Jan 10, 2026

मध्य प्रदेश में सड़क यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (PWD) एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। विभाग ने अत्याधुनिक ‘लोकपथ एप-2’ तैयार किया है, जिसे गूगल मैप्स से भी अधिक उपयोगी और सुरक्षा-केंद्रित बताया जा रहा है। इस एप का औपचारिक लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

गुजरात के भास्कराचार्य संस्थान के सहयोग से विकसित यह एप देश में किसी भी राज्य सरकार द्वारा अपनी तरह का पहला प्रयोग है। इसका उद्देश्य केवल मार्गदर्शन देना ही नहीं, बल्कि सड़कों की गुणवत्ता और यात्री सुरक्षा को नई ऊंचाई पर ले जाना है। लोकपथ एप-2 में प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और प्रमुख जिला मार्गों का विस्तृत और अपडेटेड डाटा उपलब्ध होगा।

इस एप की सबसे खास सुविधा इसका सेफ्टी अलर्ट सिस्टम है। प्रदेश के 142 हाईवे पर चिन्हित किए गए 450 से अधिक दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को इसमें मैप किया गया है। यात्रा के दौरान जैसे ही वाहन किसी ब्लैक स्पॉट से एक किलोमीटर पहले पहुंचेगा, एप ऑडियो अलर्ट देकर चालक को गति नियंत्रित करने की चेतावनी देगा। 200 मीटर की दूरी पर यह चेतावनी दोबारा मिलेगी, जो गूगल मैप्स में भी उपलब्ध नहीं है।

यह एप केवल नेविगेशन टूल नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए एक संपूर्ण डिजिटल गाइड होगा। इसमें धार्मिक और पर्यटन स्थलों के साथ-साथ नजदीकी अस्पताल, थाना, होटल, टोल प्लाजा और टोल दरों की जानकारी भी मिलेगी। आपात स्थिति में यूजर एप के माध्यम से सीधे एंबुलेंस या आपातकालीन नंबर पर कॉल कर सकेंगे। दुर्घटना की स्थिति में एप सबसे नजदीकी अस्पताल और वहां पहुंचने का सबसे तेज रास्ता भी बताएगा।

लोकपथ एप-2 के जरिए आम नागरिक भी सड़क और पुलों की गुणवत्ता पर नजर रख सकेंगे। कहीं गड्ढा, दरार या निर्माण में खामी दिखने पर मौके से फोटो खींचकर सीधे एप पर अपलोड की जा सकेगी। शिकायत के समाधान के लिए संबंधित इंजीनियरों की समयसीमा तय की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। इस पहल से प्रदेश की सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें