अलीगढ़ में सड़क निर्माण के लिए मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, जल्द शुरू होगा कार्य
अलीगढ़ के क्यामपुर में दलित बस्ती के निवासियों ने सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए मंडलायुक्त से गुहार लगाई है। महर्षि वाल्मीकि सेना के नेतृत्व में बस्ती के लोगों ने मंडल आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 41 में बंबा के किनारे नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा रुकवा दिया गया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम जीनवाल ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को कई बार लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस देरी से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस ज्ञापन सौंपने के दौरान सविता देवी, विजय देवी, हेमलता देवी, हरिशंकर बघेल, राधेश्याम वाल्मीकि सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की जांच करेंगे और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास करेंगे। इस सड़क के निर्माण से बस्ती के लोगों के आवागमन में सुधार होगा।
