मेरठ: संदिग्ध आतंकी से जुड़े उजैद कुरैशी का परिवार फरार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच तेज
मेरठ में संदिग्ध आतंकी साजिद से जुड़े उजैद कुरैशी के परिवार के फरार होने से हड़कंप मच गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच के बाद उजैद और उसके परिवार ने अपना घर छोड़कर भाग गए हैं। उनके घर पर ताला लटका हुआ है, और पुलिस ने वहां नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
यह मामला तब सामने आया जब जम्मू के बाहु फोर्ट थाने की पुलिस ने 19 वर्षीय मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि साजिद पाकिस्तान में आतंकी हैंडलर के संपर्क में था और युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने का काम कर रहा था। साजिद के व्हाट्सएप ग्रुप से मेरठ के बनियापाड़ा निवासी उजैद कुरैशी भी जुड़ा हुआ था। उजैद ने ग्रुप पर मेरठ से जुड़ी कुछ सूचनाएं भी साझा की थीं।
इस कनेक्शन की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस मेरठ पहुंची थी। उन्होंने उजैद के भाइयों से पूछताछ की और उन्हें छोड़ दिया। पुलिस उजैद से पूछताछ कर उसके साजिद से संबंध का पता लगाना चाहती थी, लेकिन इससे पहले ही उजैद और उसका पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया।
फिलहाल, जम्मू-कश्मीर पुलिस उजैद के रिश्तेदारों और अन्य ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। उजैद और उसके परिवार के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं जम्मू-कश्मीर से कोई वित्तीय सहायता तो नहीं मिली है। इस जांच में एटीएस और सेना की इंटेलिजेंस भी सहयोग कर रही है।
