मुजफ्फरपुर में हथियार के बल पर बाइक और नकदी लूटी, चार बदमाश गिरफ्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराध की घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना क्षेत्र के दिघरा इलाके में गुरुवार की रात दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक से न केवल उसकी बाइक लूटी, बल्कि बैग में रखे नकदी और अन्य कीमती सामान भी छीन लिए।
जानकारी के अनुसार, सकरा के मोहम्मदपुर बुर्जुग निवासी मो. असलम अपने दोस्त मो. जाकिर के साथ एक परिचित की बाइक पर सवार होकर रात करीब नौ बजे स्टेशन के लिए निकले थे। उन्हें ट्रेन पकड़कर इलाहाबाद जाना था। इसी बीच दिघरा के समीप उनकी बाइक का अगला पहिया बबलिंग करने लगा, जिसके कारण उन्हें रुकना पड़ा।
पीड़ित असलम एक परिचित मिस्त्री के पास बाइक ठीक कराने के लिए रुके। मिस्त्री ने बाइक चलाकर देखने की बात कही और असलम को भी अपने साथ बैठा लिया। जाकिर का बैग असलम के पीठ पर था। मिस्त्री जैसे ही बाइक को थोड़ी दूर लेकर आगे बढ़ा, तभी पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाश आए और उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
सूत्रों के अनुसार, सभी बदमाशों ने अपने मुंह काले गमछे से बांध रखे थे। उनमें से एक बदमाश ने तुरंत पिस्टल तान दी और चाबी मांगने लगा। जब पीड़ित ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी, जिससे बाइक गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर बाइक और बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित असलम ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए बयान में असलम ने बताया कि चारों बदमाश स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे। लूटे गए बैग में वोटर आईडी, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और कुछ नकदी भी थी। बदमाशों के भागने के लिए दिघरा बांध होते हुए नहर की पगडंडी का इस्तेमाल किया।
सूत्रों के हवाले से पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी की जा रही है। यह भी पता चला है कि पूर्व में भी दिघरा और आसपास के इलाकों में इस तरह की बाइक लूट और गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई अक्सर मामला दर्ज होने तक ही सिमट जाती है, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण, महिला ने दर्ज कराई FIR
गणित के डर को मिटाएगा वैदिक गणित, आरडीएस कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला
नवजात की मौत के बाद शव वाहन के लिए 4 घंटे भटकता रहा पिता, उपाधीक्षक के हस्तक्षेप से मिली मदद
मुजफ्फरपुर में टीबी उन्मूलन अभियान: 160 पंचायतों में घर-घर जाकर होगी जांच
