0

मथुरा में जाम से परेशान व्यापारियों ने एसएसपी से की मुलाकात, समाधान की उम्मीद जगी

By Dec 1, 2025

मथुरा शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम की समस्या ने व्यापारियों और आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार से मुलाकात की।

व्यापारियों ने एसएसपी को बताया कि शहर में बढ़ते जाम के कारण उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, और आम जनता को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए, एसएसपी श्लोक कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख स्थानों, गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारी नेताओं, जिनमें नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल और महामंत्री शशिभानु गर्ग प्रमुख थे, के साथ पैदल चलकर हालातों का जायजा लिया।

इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान, एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान रास्ते में अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत भी दी और भविष्य में ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।

एसएसपी ने जल्द ही संबंधित विभागों और व्यापार मंडल के साथ मिलकर पूरे शहर के लिए एक व्यापक कार्ययोजना बनाने का निर्णय लिया है। महामंत्री शशिभानु गर्ग ने बताया कि मंडी चौराहे के पास अवैध ईंट मंडी और गोवर्धन चौराहे पर लगातार लगने वाले जाम के कारण व्यापारी अपना व्यापार बंद करने की स्थिति में आ गए थे। इसी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने स्थलीय निरीक्षण का आग्रह किया था।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुर्गा फाटक से गोवर्धन चौराहे तक नगर निगम द्वारा सड़क पर सफेद लाइनें खींची जाएंगी, जिनके अंदर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे। गोवर्धन चौराहे और मंडी चौराहे के चारों ओर 100 मीटर के दायरे को नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा। नगर निगम चौराहों से अतिक्रमण हटाने का कार्य करेगा, जबकि बिजली विभाग चौराहों के पास से बिजली के खंभों को हटाने की व्यवस्था करेगा। कृष्णा नगर पुलिस चौकी के पास अतिक्रमण हटाने और पेड़ों के संबंध में वन विभाग से आवश्यक अनुमति ली जाएगी। मंडी में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट की व्यवस्था पर मंडी सचिव के साथ वार्ता की जाएगी।

इस अवसर पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सीओ ट्रैफिक प्रीतम पाल सिंह, सीओ हाईवे श्वेता सिंह, टीएसआई शौर्य कुमार, कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्र, हाईवे प्रभारी उमेश चंद, विभिन्न चौकी प्रभारी सहित व्यापारी मुकेश अग्रवाल, अशोक कुमार, कपिल अग्रवाल, दिनेश लोहिया, शुभम अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, अमित कुमार, निकुंज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

मथुरा-गोवर्धन रोड पर डंपर ने कार को मारी टक्कर, 4 गंभीर रूप से घायल

मथुरा-गोवर्धन रोड पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमुनावता गांव के पास एक अनियंत्रित मिट्टी खनन के डंपर ने मथुरा से गोवर्धन की ओर जा रही एक अर्टिगा कार को भीषण टक्कर...
By Dec 1, 2025

साझा करें