केरल के अष्टमुड़ी झील में भीषण आग, 10 नावें जलकर राख; लाखों का नुकसान
केरल के कोल्लम जिले में स्थित अष्टमुड़ी झील में रविवार तड़के तड़के हुई एक दुखद घटना ने स्थानीय मछुआरों को गहरा सदमा दिया है। कुरिपुझा इलाके में झील के किनारे खड़ी लगभग 10 मछली पकड़ने वाली नावें अचानक लगी आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते सभी नावें जलकर राख हो गईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें रात के अंधेरे में दूर से ही दिखाई दे रही थीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। फायर फोर्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका है कि गैस सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ होगा।
यह हादसा उन मछुआरों के लिए एक बड़ी त्रासदी है, जिनकी आजीविका इन्हीं नावों पर निर्भर थी। लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।
