बलरामपुर बस हादसे में भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने फोम स्प्रे से पाया काबू; 45 से ज्यादा यात्री थे सवार
बलरामपुर में बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग को बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया। अग्निशमन दल ने आग बुझाने के लिए फोम का इस्तेमाल किया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि लिक्विड पदार्थ में आग लगने पर उसे बुझाने में काफी मेहनत करनी पड़ती है। इसके लिए फोम (एक तरह का केमिकल) का प्रयोग किया गया। फोम झाग के रूप में सफेद पदार्थ निकलता है, जो चिपक जाता है। इससे आग फैलती नहीं है और जल्दी बुझ जाती है। दो टैंकर व ड्रम से पंपिंग करके फोम का प्रयोग किया गया।
यात्री बता रहे थे कि बस में 45-46 लोग सवार थे। ट्रक पर ऊनी कपड़ा लदा था। कपड़ों का बंडल जो सुरक्षित बचा था, उसे कोतवाली देहात भेज दिया गया। बताया गया कि यदि यात्री आपातकालीन द्वार खोल लेते तो कम लोग झुलसते। घटना स्थल पर कंटेनर पर लदा कपड़ा सड़क पर चारों तरफ बिखरा था। दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे थे। दूसरी तरफ कुछ लोग कपड़े उठाते दिखे। वहीं पास में खड़े एक व्यक्ति ने लंबी सांस लेते हुए बोला यही तो आपदा में अवसर है। हालांकि पुलिस ने कपड़ों के बंडल को जेसीबी से ट्रैक्टर-ट्राली पर लाद कर कोतवाली देहात पहुंचा दिया।
