सेंट पीटर्सबर्ग के सबसे बड़े बाजार में भीषण आग, धमाकों से मचा हड़कंप, 1 की मौत
रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर में बुधवार शाम को एक भीषण हादसा हुआ। शहर के सबसे बड़े बाजारों में से एक, प्रावोबेरेझनी बाजार (Pravoberezhny market) में भयानक आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे नेवस्की जिले में काला धुआं छा गया और बाजार में भगदड़ मच गई।
रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय के अनुसार, आग ने लगभग 1,500 वर्ग मीटर के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाने से पहले ही बाजार का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलबे के नीचे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
एक अन्य व्यक्ति को दोनों पैरों में फ्रैक्चर के साथ अस्पताल ले जाया गया। एक 52 वर्षीय महिला को घटनास्थल से भागते समय कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता (carbon monoxide poisoning) का शिकार होना पड़ा। चश्मदीदों ने बताया कि आग लगने के दौरान कई धमाकों की आवाजें आईं, जिससे आग कुछ ही सेकंड में पूरे बाजार में फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि बाजार के अंदर रखी “अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री” के कारण आग तेजी से फैली। जांच समिति ने सुरक्षा मानकों का पालन न करने के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह सवाल उठ रहा है कि बाजार का फायर अलार्म सिस्टम क्यों सक्रिय नहीं हुआ। नेवस्की बाजार सेंट पीटर्सबर्ग का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
