दिल्ली में लाइव कॉन्सर्ट के चलते आज बंद रहेंगे कई रास्ते, जान लें सारी डिटेल्स
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को मशहूर पंजाबी पॉप सिंगर करण औजला का लाइव कॉन्सर्ट ‘P-POP कल्चर इंडिया टूर 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह इवेंट शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा, जिसमें लगभग 45 से 50 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद है। इस भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और एक विस्तृत ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है।
यातायात व्यवस्था और डायवर्जन
दर्शकों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर 2, 6, 8, 13, 14 और 21 से आम जनता प्रवेश कर सकेगी, जबकि गेट नंबर 13 VIP दर्शकों के लिए होगा। कलाकार और आयोजकों के लिए गेट नंबर 6 निर्धारित है। गेट नंबर 1 और 10 आपातकालीन स्थिति के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
बीपी मार्ग से आने वाले वाहनों को मेहरचंद मार्केट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धोबी घाट 5th एवेन्यू रोड से आने वाले ट्रैफिक को JLN सर्विस रोड पर जाने से रोका जाएगा और उन्हें U-टर्न लेना होगा। लोधी रोड से आने वाले ट्रैफिक को प्रगति विहार रेड लाइट से आगे नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें लोधी रोड की ओर U-टर्न लेना होगा। स्कोप कॉम्प्लेक्स की तरफ लेफ्ट टर्न लाला लाजपत राय मार्ग T-Point पर प्रतिबंधित रहेगा और ट्रैफिक को लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा। INA और त्यागराज स्टेडियम से आने वाले ट्रैफिक को बारापुला की ओर भेजा जाएगा।
यात्रियों के लिए सलाह
व्यस्त घंटों में B.P. मार्ग, लोधी रोड और JLN स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और हॉस्पिटल जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने का सुझाव दिया गया है। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए मेट्रो (JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन – वायलेट लाइन) का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पार्किंग व्यवस्था
VIPs की गाड़ियों की पार्किंग JLN स्टेडियम के गेट नंबर 1 के अंदर वेस्ट ब्लॉक में होगी। आम जनता के लिए सेवा नगर बस डिपो, सुनहरी पुल्ला बस डिपो, CGO कॉम्प्लेक्स पार्किंग, SCOPE कॉम्प्लेक्स पार्किंग और JLN गेट नंबर 7 से 9 पर पार्किंग उपलब्ध होगी। आयोजकों ने सभी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था कर ली है।
शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक JLN स्टेडियम रेड लाइट से पूरे B.P. मार्ग तक भारी वाहनों पर पाबंदी रहेगी। आम लोगों से अनुरोध है कि वे इस दौरान इन सड़कों पर जाने से बचें और यातायात पुलिस द्वारा बताए गए डायवर्जन का पालन करें ताकि किसी भी ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
