मंगोलपुरी हत्याकांड: डीयू छात्र समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, आधा किलोमीटर पीछा कर चाकू से गोदा
दिल्ली के मंगोलपुरी में हुई आकाश की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को पकड़ा है, जबकि बाहरी जिला पुलिस ने भी दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सनसनीखेज वारदात रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। सभी पांचों आरोपी चाकू से लैस थे और उन्होंने पीड़ित का लगभग आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उस पर चाकुओं से 15 वार किए थे।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहित उर्फ नोदी दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है और मंगोलपुरी का ही रहने वाला है। मोहित ने अपने चार साथियों, जिनमें अधिकतर नाबालिग थे, के साथ मिलकर 21 जनवरी की शाम को डीडीए पार्क, एक ब्लॉक में आकाश उर्फ अक्कू की हत्या को अंजाम दिया।
यह हत्या सितंबर में आकाश द्वारा मंगोलपुरी निवासी सलमान के घर में आग लगाने के बदले में की गई थी। सलमान गिरफ्तार आरोपियों का कॉमन दोस्त था। पुलिस का कहना है कि आकाश अक्सर अपराधियों को धमकाता था, जिसके चलते उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई। बुधवार को डी ब्लॉक, मंगोलपुरी में इकट्ठा होकर शराब पीने के बाद सभी आरोपी आकाश को मारने निकल पड़े थे।
पीड़ित आकाश अपने पिता रामेश्वर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आई ब्लॉक, मंगोलपुरी में रहता था और पिता के साथ रेहड़ी लगाता था। एन ब्लॉक में जब बदमाशों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह जान बचाने के लिए भागने लगा। एक घर में घुसकर उसने छिपने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश उस तक पहुंच गए और दरवाजे के पास ही उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लोगों की चीख-पुकार सुनकर कुछ लोग घरों से बाहर आए, लेकिन वे तमाशबीन बने रहे। बुरी तरह घायल आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आकाश दम तोड़ चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को दबोच लिया। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां युवक की हत्या के दौरान लोग तमाशबीन बने रहे।
