मंगल बाजार के विरोध में व्यापारियों का बंद, 25 को दुकानें रहेंगी बंद
कोटला चुंगी पुल के नीचे लगने वाले मंगल बाजार के कारण पीडी जैन मार्केट के व्यापारियों की रोजी-रोटी पर आई संकट के चलते उन्होंने विरोध का बिगुल बजा दिया है। पीडी जैन मार्केट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रकाश चंद्र जैन जूता वालों की दुकान पर आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता बाजार समिति के मुख्य संरक्षक ठाकुर बलवीर सिंह ने की। इस बैठक में व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कोटला चुंगी पुल के नीचे लगने वाले मंगल बाजार के कारण पीडी जैन मार्केट के व्यापारियों के व्यापार पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस कारण वे न केवल अपना व्यवसाय चलाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, बल्कि बिजली बिल, टैक्स और जीएसटी जैसी आवश्यक देनदारियों का भुगतान करने में भी असमर्थ हो गए हैं। यहाँ तक कि बच्चों की फीस भरने में भी उन्हें भारी दिक्कतें आ रही हैं।
इन गंभीर आर्थिक समस्याओं को देखते हुए, व्यापारियों ने सामूहिक रूप से विरोध का रास्ता अपनाने का फैसला किया है। इसके तहत, 25 नवंबर को सुबह से दोपहर 12 बजे तक पीडी जैन मार्केट की सभी दुकानें पूर्ण रूप से बंद रखी जाएंगी। इस बंद का उद्देश्य प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना है।
इस आंदोलन के संयोजक के रूप में अजय भारद्वाज और सह-संयोजक के रूप में विकास जैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ठाकुर बलवीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि मंगल बाजार में सैकड़ों की संख्या में फेरीवाले अपनी दुकानें लगाते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंगल बाजार में दुकान लगाने वाले व्यापारियों को समुचित व्यवस्थाएं प्रदान की जाएं और उन्हें चार अलग-अलग हिस्सों में विभाजित कर व्यवस्थित किया जाए, ताकि पीडी जैन मार्केट के व्यापारियों को राहत मिल सके और उनका व्यापार फिर से पटरी पर आ सके।
