ड्यूटी पर रील बनाना अनुशासनहीनता: यूपी पुलिस कंप्यूटर ऑपरेटरों को CM योगी की हिदायत, डिजिटल वॉरियर पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में यूपी पुलिस के नवनियुक्त 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित कर्मियों को आत्म अनुशासन, निष्पक्षता और जनसेवा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कंप्यूटर ऑपरेटर यूपी पुलिस के ‘डिजिटल वॉरियर’ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाना गंभीर अनुशासनहीनता है और ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना चाहिए जिससे पुलिस की गरिमा को ठेस पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये अभ्यर्थी आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों को अपनाते हुए टीम भावना, पारदर्शिता और निष्पक्षता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ये सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में सहायक होंगे। 2017 से पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तब आईपीएस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं थे, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है और प्रदेश में कर्फ्यू की जगह विकास ने ली है। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट पर आधारित रही है और इसी ईमानदारी से उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, डीजीपी राजीव कृष्णा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
