0

बिहार में बड़ा रेल हादसा टला! EMU ट्रेन से टकराई धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, यात्रियों की सांसे अटकीं

By Dec 8, 2025

राजगीर–बख्तियारपुर रेलखंड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते उस समय टल गया, जब बेलऊआ गांव के पीछे स्थित एक अनाधिकृत रेलवे क्रॉसिंग पर धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की गया-बख्तियारपुर पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63368) से जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना ने एक पल के लिए यात्रियों की सांसे अटका दीं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही पलट गई और उस पर लदा धान का बोझा चारों ओर बिखर गया। यह मंजर देख ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन सौभाग्य से ट्रेन पटरी से नहीं उतरी, अन्यथा एक बड़ा रेल हादसा हो सकता था। इस घटना में ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित रहे। ट्रेन थोड़ी देर रुकने के बाद अपनी आगे की यात्रा पर बढ़ गई।

सूचना मिलते ही आरपीएफ के सहायक प्रभारी उदय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गहन छानबीन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रेन के इंजन का निरीक्षण किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर इंचार्ज, आरपीएफ थाना बिहार शरीफ, मो आलम अंसारी ने बताया कि राजगीर स्टेशन से ट्रेन के चलने के बाद जब वह बेलऊआ गांव के समीप पहुंची, तभी एक ट्रैक्टर गलत तरीके से रेलवे क्रॉसिंग पर अचानक ट्रैक पर आ गया और टक्कर हो गई।

आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन शेखपुरा का है, लेकिन उसका मालिक सिलाव थाना क्षेत्र का है। मालिक की जानकारी जुटाकर उस पर केस दर्ज किया जाएगा और चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। यह घटना अनाधिकृत रेलवे क्रॉसिंग पर सावधानी की कमी को उजागर करती है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें