ढाका की 12 मंजिला इमारत में भीषण आग, 42 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
By
Dec 13, 2025
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाबू बाजार इलाके स्थित जबल-ए-नूर टावर नामक 12 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग इमारत के निचले हिस्से में लगी, लेकिन धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे इमारत में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 इकाइयां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि कई दुकानों के शटर और ताले काटने पड़े थे। दमकलकर्मियों ने तेजी से बचाव अभियान चलाया और इमारत में फंसे 42 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में कोई हताहत नहीं हुआ। सभी 42 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
