हरिद्वार में JCB से खोदाई के दौरान बड़ा हादसा, underground cable में लगी आग, ड्राइवर घायल
हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र स्थित जेएमडी विहार में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा था। खोदाई के लिए जेसीबी का इस्तेमाल किया जा रहा था कि अचानक भूमिगत बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज के साथ ही केबल में आग लग गई और धुंआ उठने लगा।
जेसीबी में करंट उतरने से चालक को जोरदार झटका लगा, जिससे वह नीचे गिर गया और सिर में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ऊर्जा निगम को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
दुर्घटना के कारण जेएमडी विहार समेत कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। इससे न केवल आम जनजीवन प्रभावित हुआ, बल्कि जलापूर्ति पर भी असर पड़ा। बिजली न होने से पानी की टंकियों के मोटर नहीं चल पाए, जिससे लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।
