मिथिला विश्वविद्यालय में 25 मेधावी छात्र होंगे सम्मानित, भव्य दीक्षांत समारोह की तैयारी
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में आगामी 21 नवंबर को 11वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन में विश्वविद्यालय के 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। समारोह में कुल 1121 विद्यार्थियों को उनकी उपाधि प्रदान की जाएगी, जिसमें पीएचडी और स्नातकोत्तर डिग्री धारक शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को यादगार और भव्य बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के दो पूर्व कुलपतियों, समरेन्द्र प्रताप सिंह और राज मणि सिन्हा, को उनके अमूल्य योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
सोमवार को दीक्षांत समारोह के लिए सभी पीएचडी एवं स्नातकोत्तर उपाधि धारक छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित पोशाक उपलब्ध करा दिए गए हैं। छात्रों के लिए सफेद पजामा-कुर्ता या धोती-कुर्ता और छात्राओं के लिए सफेद सलवार-लेमन येलो कुर्ता या लाल बॉर्डर वाली लेमन येलो साड़ी के साथ लाल रंग का ब्लाउज निर्धारित किया गया है। छात्र-छात्राओं ने अपनी पोशाकों की व्यवस्था अपने स्तर से कर ली है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने सोमवार को मुख्य समारोह स्थल, डा. नगेन्द्र झा स्टेडियम, का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और उन्हें प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान वित्तीय परामर्शी इन्द्र कुमार, कुलसचिव डा. दिव्या रानी हंसदा, वाणिज्य के डीन प्रो. एचके सिंह, डब्ल्यूआईटी के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा, डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता, कुलानुशासक प्रो. विजय कुमार यादव, महाविद्यालय निरीक्षक प्रो. अरुण कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डा. इंसान अली, दीक्षांत के मीडिया प्रभारी डा. आरएन चौरसिया, उप परीक्षा नियंत्रक (व्यावसायिक) डा. मनोज कुमार, उप परीक्षा नियंत्रक (शोध) डा. सुरेश पासवान, उप कुलसचिव (प्रथम) डा. उमाकांत पासवान, पेंशन पदाधिकारी डा. अताउर रहमान, खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा, पीजी एथलेटिक्स के अध्यक्ष डा. प्रियंका राय, विश्वविद्यालय प्रेस प्रभारी डा. देवेश कुमार शर्मा, भू संपदा पदाधिकारी डा. कामेश्वर पासवान, विश्वविद्यालय अभियंता एके सिंह एवं केशव कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
