मीरजापुर में सड़क हादसा: खड़े टैंकर से टकराई बस, आठ घायल, दो की हालत गंभीर
मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रात लगभग एक बजे मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग पर कर्बला के पास एक बस सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बस में सवार आठ लोग घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, यह बस सोनभद्र जनपद के मझिगवां गांव से लगभग चालीस यात्रियों को लेकर चुनार गंगा घाट पर एक वृद्ध व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थी। जैसे ही बस राजगढ़ के कर्बला के पास पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और वह सड़क पर खड़े टैंकर से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण बस चालक को सामने खड़ा टैंकर दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। प्राथमिक उपचार के दौरान छत्तीसगढ़ रायपुर निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र, सोनभद्र बेठिगांव के 62 वर्षीय प्रभा शंकर, सोनभद्र मझिगवां गांव के 60 वर्षीय गामा विश्वकर्मा, 55 वर्षीय जगदीश, 45 वर्षीय रमेश, 40 वर्षीय विनोद, 60 वर्षीय दयाराम और सोनभद्र जनपद के डोहरी गांव के 58 वर्षीय दशरथ को भर्ती कराया गया। इनमें से विनोद और दशरथ की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया है।
राजगढ़ थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार देर रात खड़े टैंकर में बस के टकराने से आठ लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को राजगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
