मैनपुरी: ‘पाकिस्तान का झंडा’ लगाने की अफवाह से हड़कंप, जांच में निकला धार्मिक झंडा; अफवाहबाजों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मैनपुरी के कुर्रा गांव में पाकिस्तान का झंडा लगाने की अफवाह फैलने से हड़कंप मच गया। रविवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें एक मकान की छत पर लगे झंडे को पाकिस्तानी बताया गया। अफवाह फैलने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
इंस्पेक्टर कुर्रा विक्रांत सिंह गुर्जर ने गांव पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। जांच में पता चला कि भिंड में बेलदारी करने वाले एक मुस्लिम युवक के मकान की छत पर ये झंडा लगा है। युवक ने बताया कि बारावफात पर इमाम ने बच्चों को झंडे बांटे थे, जिसमें से एक झंडा उनके बेटे ने लाकर छत पर लगा दिया था। पुलिस ने पुष्टि की कि झंडा इस्लामिक है, न कि पाकिस्तानी।
पुलिस ने अब पुलिस द्वारा झूठी अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। कुर्रा इंस्पेक्टर ने बताया कि झूठी अफवाह फैलाने और माहौल को खराब करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
