माघ मेला शुरू: पौष पूर्णिमा पर संगम में आस्था की डुबकी, 3 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
प्रयागराज में पौष पूर्णिमा के पहले स्नान के साथ ही पवित्र माघ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। ब्रह्म मुहूर्त से ही हजारों श्रद्धालु और कल्पवासी संगम तट और अन्य घाटों पर पहुंचकर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
‘हर हर गंगे’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जो स्नान, ध्यान और पूजन-अर्चन कर रहे हैं। मां गंगा से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए याचना कर रहे हैं। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि सुबह छह बजे तक लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर लिया है। यह आस्था का संगम आगामी कई दिनों तक जारी रहेगा।
इस मेले का आयोजन हर साल पौष पूर्णिमा से शुरू होकर माघ पूर्णिमा तक चलता है। यह लाखों लोगों के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, जहां वे तपस्या और धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
